हल्द्वानी, 1 अप्रैल. भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) की राज्य कमेटी ने रामनगर में आंदोलनकारियों पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निन्दा की है और अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है।
भाकपा (माले) के राज्य सचिव कॉमरेड राजेन्द्र प्रथोली ने प्रेस को जारी एक बयान में कहा कि रामनगर में राजनीतिक-सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात ध्यानी और मुनीष कुमार पर जानलेवा हमले का सीधा कारण सत्ताधारी कांग्रेस-भाजपा द्वारा खनन माफियाओं को संरक्षण देना है। इस हमले में खनन माफियाओं का हाथ होना स्पष्ट है। दोनों आंदोलनकारी अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ लगातार आंदोलन चलाते रहे हैं। पूरे प्रदेश में खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद है कि वे प्रशासनिक अधिकारियों पर भी हमला करने में नहीं डरते हैं। खनन माफियाओं के खिलाफ बोलने वाले लोगों पर पूरे प्रदेश में होते हमले राजनीतिक संरक्षण नहीं हो रहे हैं। दोनों आंदोलनकारियों पर जानलेवा हमला होने के बावजूद अपराधियों पर हत्या के प्रयास की धारा लगाने के बजाय पुलिस प्रशासन ने हल्की धाराओं को लगाया है। इससे साबित होता है कि सत्ता का दबाव पुलिस प्रशासन पर भी काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भाकपा (माले) मांग करती है कि घटना में लिप्त अपराधियों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हो और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।